पटना.
बिहार में कुदरत के मिजाज ने करवट ले ली है. उत्तर बिहार से लेकर सीमावर्ती इलाकों तक सफेद चादर पसरी नजर आ रही है. IMD ने राज्य के 12 जिलों के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है, बीते 24 घंटों में भागलपुर ने सबको ठिठुरने पर मजबूर कर दिया, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.
आलम यह है कि सूरज ढलते ही कनकनी बढ़ जाती है और सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हो रही है, जिसने रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है. IMD के अनुसार एक-दो दिनों तक यही स्थिति बनी रहने की संभावना है.
घने कोहरे से बिगड़े हालात, विजिबिलिटी 100 मीटर तक सिमटी
पिछले 24 घंटे में उत्तर बिहार के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा. कई इलाकों में सुबह के समय विजिबिलिटी 50 से 100 मीटर के बीच दर्ज की गई. मौसम विभाग ने वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर हाइवे और ग्रामीण सड़कों पर सुबह-शाम अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है.
भागलपुर में सबसे ज्यादा ठंड, उत्तर बिहार ज्यादा प्रभावित
IMD के आंकड़ों के मुताबिक, भागलपुर में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा. उत्तर बिहार के जिलों में उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं और वातावरण में नमी की वजह से कोहरे का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इसी कारण सुबह के वक्त घना कोहरा बन रहा है.
पश्चिमी विक्षोभ नहीं, इसलिए बारिश के आसार नहीं
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, फिलहाल कोई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है. इसी वजह से बिहार में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है. हालांकि, ठंड और कोहरे का यह दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है. दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी, लेकिन सुबह और शाम कनकनी बनी रहेगी.
पटना में कोहरा हल्का, पर ठंड का एहसास रहेगा
राजधानी पटना में यलो अलर्ट तो जारी नहीं किया गया है, लेकिन सुबह के समय हल्का कोहरा और ठंडी हवा लोगों को ठिठुरन का एहसास कराएगी. दिन में धूप निकलने के बाद मौसम साफ हो जाएगा. पटना में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 3 दिनों तक उत्तर बिहार के सीमावर्ती जिलों में कोहरे का असर बना रह सकता है. धीरे-धीरे तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है. दक्षिण बिहार के जिलों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहेगा और दिन में धूप लोगों को राहत देगी. फिलहाल किसी बड़े मौसमी बदलाव के संकेत नहीं हैं.

