जंगलों में छुपाए गए 14 आईईडी झारखंड पुलिस ने किए जब्त

चाईबासा

झारखंड में सुरक्षाबलों ने बीते रविवार को पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों की सीमा पर स्थित वन क्षेत्र से माओवादियों द्वारा लगाए गए 14 आईईडी बरामद किए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राकेश रंजन ने बताया कि उन्हें खुफिया सूचना मिली थी कि पश्चिमी सिंहभूम के टोकलो थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित वन क्षेत्र और सरायकेला-खरसावां के कुचाई थाना क्षेत्र में में भारी मात्रा में विस्फोटक रखे गए हैं। यह विस्फोटक नक्सल विरोधी अभियान को बाधित करने के लिए रखे गए थे। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), झारखंड जगुआर और दोनों जिलों की सशस्त्र पुलिस के जवानों की एक संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, अभियान के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने जंगल से 14 आईईडी बरामद किए, जिनमें से प्रत्येक का वजन दो किलोग्राम था। उन्होंने एक देशी हथगोला, अमोनियम नाइट्रेट पाउडर और एक स्टील कंटेनर भी बरामद किया है। एसपी ने बताया कि बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही सभी विस्फोटकों को निष्क्रिय कर दिया।

 

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *